इंसानियत का हो गया क़त्ल
कोई समझ न पाया
हर दफ़ा की तरह इल्ज़ाम
हिंदू-मुसलमां पर आया
तमाशा और चलेगा
अपनी जगह पर बैठो 'अरमान'
अभी तो सय्याद ने अपना
महज़ है जाल बिछाया...
------------------------------------
*सय्याद-आखेटक, बहेलिया
------------------------------------
Sunday, 3 June 2018
इंसानियत का हो गया क़त्ल
लाख भीड़ है ज़माने की पर बंद सबकुछ दर सा है
लाख भीड़ है ज़माने की
पर बंद सबकुछ दर सा है
कोई नज़र नहीं आता अब
ख़ाली-ख़ाली ये शहर सा है
ठहर जाऊं दो घड़ी कहां
नहीं लगता कोई घर सा है
रस्ते जा रहे किस तरफ़ कौन जाने
हर दिल में बसा इक डर सा है
सहमा-सहमा खड़ा मुसाफ़िर यहां
मन में रहबर के कहर सा है
सांसें तो चल रहीं पर मत पूछो
हवाओं में अजब ज़हर सा है
झूठ फैलाते हैं वो बड़े सलीके से
जो बिकता बड़ी ख़बर सा है
रात लंबी सही, ख़त्म होगी 'अरमान'
उम्मीदों में कुछ सहर सा है...
#अरमान
सहर-सुबह
मरकर पैसा कौन साथ ले जा रहे हैं
मरकर पैसा कौन साथ ले जा रहे हैं
यहां अंधे पीस रहे और कुत्ते खा रहे हैं
जो ले गए अरबों उन्हें न पुकारा जाएगा
तू ठहरा ग़रीब मरकर कर्ज़ चुकाएगा
भइया वो जो डकार गए ज़्यादा नहीं थोड़े हैं
शौक़ से खाइए आपकी क़िस्मत में पकौड़े हैं
अब क्यों चीख़ता और चिल्लाता है
कहते हैं जो बोता है वही पाता है
जब RBI ग़ुलाम है तो बैंक क्या करें
समय से ITR और Aadhar जमा करें...
#अरमान
धूल हूं तो क्या हुआ ज़मीं की हूं बोझ नहीं
धूल हूं तो क्या हुआ
ज़मीं की हूं बोझ नहीं
उड़ती हूं हवाओं संग
ज़र्रे-ज़र्रे में मेरा रंग
ख़त्म होती नहीं
वजूद खोती नहीं
आसमां से भी गिरकर
हंसती हूं, रोती नहीं
हां, धूल हूं तो क्या हुआ
ज़मीं की हूं बोझ नहीं
रहती हूं लिपटकर
जबतक जो साथ चाहे
कोई ग़म भी नहीं
गर मुझे हटा दे
हां, धूल हूं तो क्या हुआ
ज़मीं की हूं बोझ नहीं
तुम क्या जानो मुझे 'अरमान'
मैं ख़ूद को ख़ूब समझती हूं
जूतों से मारते हो ठोकर
माथे पर चंदन सी चमकती हूं
हां, धूल हूं तो क्या हुआ
ज़मीं की हूं बोझ नहीं
#अरमान
तुम्हें महसूस करूं या छु लूं
तुम्हें महसूस करूं
या छु लूं
या समा लूं ख़ुद में
या क़ैद कर लूं
नज़रों में
या जल जाऊं
तेरी तपिश में
या पिघल जाऊं
मोम सा सांसों में
या बह जाऊं
मदहोश होकर
बाहों में
या खो जाऊं
इन आंखों में
या सुलगता रहूं
बस यूं हीं
मिलन की आग में...
#अरमान
रिश्ते बनते हैं धीरे-धीरे
रिश्ते बनते हैं धीरे-धीरे
नाते बिगड़ते हैं धीरे-धीरे
रस्ते बदलते हैं धीरे-धीरे
लोग बिछड़ते हैं धीरे-धीरे
बात उड़ती है धीरे-धीरे
लोग सुनते हैं धीरे-धीरे
हवा चलती है धीरे-धीरे
पत्ते गिरते हैं धीरे-धीरे
रात जलती है धीरे-धीरे
शमा पिघलती है धीरे-धीरे
ख़्वाब आते हैं धीरे-धीरे
टूट जाते हैं धीरे-धीरे
'अरमान' जगते हैं धीरे-धीरे
ज़िंदगी बुनते हैं धीरे-धीरे
वक़्त गुज़रता है धीरे-धीरे
आदमी मरता है धीरे-धीरे...
#अरमान
दुआ क्या होती है मैं नहीं जानता
दुआ क्या होती है
मैं नहीं जानता
आपको देखा
तो ख़ुदा से मांग लिया
जन्नत क्या होती है
कभी नहीं देखी
तुम ज़िदगी में आए
तो उसे भी जान लिया
ज़िंदगी क्या होती है
मैं नहीं जानता
तुम्हें जो महसूस किया
तो मौत को भी मान लिया
मोहब्बत क्या होती है
मैंने नहीं समझा
तुमने छुआ जो ऐसे
'अरमां' का ईमान लिया....
#अरमान