www.hamarivani.com

Wednesday, 22 August 2018

रात होते ही इंतज़ार होने लगता...

रात होते ही
इंतज़ार होने लगता...
नींद का नहीं...
फुटपाथों के ख़ाली
और दुकानों के बंद होने का
बाज़ार के हटने
और लोगों के छटने का...
घंटो ताकती रहतीं
आधी सोई आंखें
टूटता जिस्म
उम्मीद की उंगली पकड़कर
बैठ जाता है वहीं
और पता नहीं कब
नींद आ जाती है
उम्मीद की उंगली छुड़ाकर
दबे पांव ले जाती है...
#फुटपाथ_की_रात #अरमान
#A_Night_on_Footpath

जय जय जय भारत की जय

नभ, जल थल सब करे फ़तह
जय जय जय भारत की जय
दुश्मन को हो दिन रात ये भय
जय जय जय भारत की जय

न कोई तू हो न कोई मैं
जय जय जय भारत की जय
मिलकर हर इक ग़म को सह
जय जय जय भारत की जय

मंदिर-मस्जिद  न तू कह
जय जय जय भारत की जय
मिट जाए हर दिल से भय
जय जय जय भारत की जय

दुनिया बस ये उट्ठे कह
जय जय जय भारत की जय
आओ लिखें इक नया समय
जय जय जय भारत की जय

जय हिंद...

#अरमान

कोई तुम्हें ढूंढने आएगा

रात की काली धरती पर
जब चांद घूमने आएगा
तुम छत पर दौड़ी आ जाना
कोई तुम्हें ढूंढने आएगा

मेरे कानों तक पहुंचे जो
वो पायल तुम खनका देना
ज़ोर-ज़ोर से बातें कर
अपना अहसास दिला देना
एक हंसी सुनने भर से
दिल को सुकून आ जाएगा
तुम छत पर दौड़ी आ जाना
कोई तुम्हें ढूंढने आएगा

जब छत पर तेरी परछाई
मेरी नज़रों से टकराएगी
मत पूछ मेरे दिलदार सनम
क्या हालत फिर हो जाएगी
मैं तुमसे मन की बात कहूं
और वक़्त वहीं थम जाएगा
तुम छत पर दौड़ी आ जाना
कोई तुम्हें ढूंढने आएगा
#अरमान

आसमानी रहमत से तू कम नहीं

देखकर तुमको लगता है ऐसे
इस दुनिया में शायद हम नहीं
कैसे करें अदा शुक्र ख़ुदा का
आसमानी रहमत से तू कम नहीं

करें किस कदर हिफ़ाज़त ईमान की
यहां आफ़त पड़ी दिल ओ जान की
मुकाबिल हो तेरे किसी में वो दम नहीं
आसमानी रहमत से तू कम नहीं

ज़मीं वालों पर कुछ तो रहम फ़रमाइये
होश में रहने दे नज़र से न पिलाइये
जी लेने दे अब और कोई जनम नहीं
आसमानी रहमत से तू कम नहीं...
#अरमान

अब याद बनके साथ रहेगा तू उम्र भर

छोड़ तो आए हैं तेरी मोहब्बत का दर
तुझसा कहां से लाएंगे बस यही एक डर
जो कुछ बचा है वो भी ले जाएगा ये वक़्त
अब याद बनके साथ रहेगा तू उम्र भर

बेबसी की दीवार में कैद किए अरमान
बेरंग सा हुआ दुखे दिल का ये जहान
कैसी तेरी गली कैसा तेरा शहर 
अब याद बनके साथ रहेगा तू उम्र भर

कर सको तो तुम भी एक काम करना
बाकी मोहब्बत का ख़त्म अंजाम करना
मिलो कहीं तो गुज़र जाना बचाके नज़र 
अब याद बनके साथ रहेगा तू उम्र भर
#अरमान


Tuesday, 12 June 2018

तुम्हारे चले जाने के बाद

तुम्हारे चले जाने के बाद
मैं भी कहीं चला गया
ढूंढता रहता है कोई
जो खो गए उनको
ख़ाली ख़ाली से बदन
बस रह गए इंतज़ार में
जो कभी खूबसूरत थे
आंखें ढूंढने निकलती हैं
और लौट आती हैं ख़ाली हाथ
तुम्हारे आने का पता नहीं
मैं कब लौटूंगा ख़बर नहीं
लेकिन निरंतर चलती रहेंगी सांसें
तुम्हारी मोहब्बत के रास्ते पर
और पता नहीं ये चलते चलते
कहां निकल जाएं
और फिर लौट कर वापस न आ सकें
तुम्हारी तरह..

Sunday, 3 June 2018

चलो आज लगाएं यादों का बाज़ार

चलो आज लगाएं यादों का बाज़ार
कोई तो मिल ही जाएगा ख़रीदार

पुरानी हैं तो दाम भी कम है
सलामत हैं यही क्या कम है

एक-एक के अब दाम कौन लगाए
कोई थोक में लेता हो तो बोली लगाए

बाज़ार ए इश्क़ में बड़ी चालबाज़ी है
छूके देखिए जनाब ये आज भी ताज़ी है

ले लो सस्ती हैं, नहीं क़ीमत ज़्यादा है
ताउम्र साथ रहेंगीं 'अरमान' का वादा है...
#अरमान