www.hamarivani.com

Saturday, 18 October 2014

कुछ और ग़म देकर इसे बेजान कर दो...

अहसासों से जुदा होकर इक एहसान कर दो
मेरी रूह जो ले गए हो  मेरे नाम कर दो
दिल के किसी कोने में सिसक रही है मोहब्बत तुम्हारी
कुछ और ग़म देकर इसे बेजान कर दो

रूठने मनाने की आदत फ़ना हुई
ज़िंदगी न हुई जैसे कोई गुनाह हुई
मेरे वजूद का भी क़त्ल सरेआम कर दो
कुछ और ग़म देकर इसे बेजान कर दो

मेरी आंख का पानी तेरे ज़ुल्म की निशानी है
ज़र्रा ज़र्रा बयां करता मेरे दर्द की कहानी है
जो कुछ बची हो सुबह उसे भी शाम कर दो
कुछ और ग़म देकर इसे बेजान कर दो

खूबसूरत लम्हों का इक रिसाला है
टूटा-फूटा ही सही पर इसे संभाला है
छोटी सी गुजारिश का पूरा 'अरमान' कर दो
कुछ और ग़म देकर इसे बेजान कर दो

Saturday, 11 October 2014

काश कोई लेकर पता तेरा आए...

काश कोई लेकर पता तेरा आए
हम बन के हवा तुझको फिर छू आएं
छोड़कर चले गए किस जहां में 
सांस लूं तो तेरी खुशबू आए

रिश्ते-नाते बेमतलब हो गए
ख्वाब भी थक हार कर सो गए
हर आहट में लगे जैसे तू आए
हम बन के हवा तुझको फिर छू आए

तेर गली से जब गुजरते हैं
उस शोख नजर को तरसते हैं
क्यों लगता  है कि तू रूबरू आए
हम बनके हवा तुझको फिर छू आए

आवाज लगाती हैं गुमनाम सी हसरतें
जवाब मांगती हैं तेरी हर एक शिकायतें
महफिल-ए-'अरमान' में तेरी आरजू आए
हम बनके हवा उनको फिर छू आए

Monday, 4 August 2014

तेरे नैना बहुत कुछ कहते हैं...

कभी खुशी कभी गम सहते है
तेरे नैना बहुत कुछ कहते हैं
मेरी पलकों में अपने आंसू रख दे
खिलते चेहरे गुमसुम नहीं रहते हैं

उड़ते वक्त को कैद कर ले
ख्वाबों को अपने आगोश में भर ले
ये वो पल हैं जो मुख्तसर होते हैं
तेरे नैना बहुत कुछ कहते हैं

मुझे अपनी जिंदगी का सहारा कर ले
मेरे हिस्से की हंसी अपने नाम कर ले
मेरी आंख से अश्क कम बहते हैं
तेरे नैना बहुत कुछ कहते हैं

मौला मेरे एक फरमान सुना दे
उन्हें मेरे दिल में कुछ इस तरह बसा दे
‘अरमान’ किस कदर मुंतजिर रहते हैं
तेरे नैना बहुत कुछ कहते हैं...

Friday, 1 August 2014

मेरे दिल से खुद को निकालों तो जानूं

अपने दिल से मुझे निकाला, तो क्या बात हुई
मेरे दिल से खुद को निकालों तो जानूं
इश्क-ए-जहां में मैं तेरे लिए अजनबी सही
इस जिगर के मकान का मालिक मैं तुझे मानूं

कुछ इस तरह से तूने इस पर कब्जा किया है
हर पल सांसों ने जिंदगी से सौदा किया है
फिर कैसे तुझे अपनी मौत का सौदागर मानूं
मेरे दिल से खुद को निकालों तो जानूं

मेरा बनकर मेरे दिल में रहता है
हर दर-ओ-दीवार से कुछ कहता है
खुलेआम इजहार-ए-मोहब्बत करे तो मानूं
मेरे दिल से खुद को निकालों तो जानूं

कभी अपनी तहजीब को धोखा दे
होके बेपर्दा तमन्नाओं को एक मौका दे
मेरी तरह अपने भी 'अरमान' सजा तो मानूं
मेरे दिल से खुद को निकालों तो जानूं

Sunday, 27 July 2014

मैं व्याकुल हुई जाऊं...

सहज सरल तुम्हरी छवि
जिस पर भटकत जाऊं
मोहन तुम बंसी धरो
मैं व्याकुल हुई जाऊं

ब्रज मे घूमत फिरै हो
बैठी मैं यमुना के तीर
सब गोपियन के प्रेमी तुम
समझ न आवै हमरी पीर

हमरे ह्रदय की पीड़ा का
तुमका सुध कब आवे है
कह दूंगी मैया से जाके
कान्हा बड़ा सतावे है

इस कोमल काया पर
तुम कब दृष्टि डालोगे
आस है अपने मन मंदिर में
प्रेम का दीप जला लोगे...


Saturday, 26 July 2014

कभी सुना है तुमने यादों को

कभी सुना है तुमने यादों को
 ख़ूब हंसती हैं, ख़ूब रोती हैं
 कभी महफ़िल, तो कभी तन्हाई में बोलती हैं
हां, शायद तुमने भी सुना होगा
 कल ही तो आईं थीं तुम्हारे ज़हन के कोठे पर
 पानी लेकर आईं थी अश्कों की झील से
सहर तकिए पर पड़ी थी कुछ बूंदे
अरे वो देखो तुम्हारे पुराने मकां में कौन है
बचपन तुतलाकर कुछ कहना चाहता है
किसी की उंगली पकड़कर लड़खड़ाते कदम किसके हैं
दीवारों की तख़्ती मुंह चिढ़ा रही हैं
नन्हे हाथों के हरफ़ मुस्कुरा रहे हैं
सच है, बच्चा तो हूं मैं,
सब कहते हैं, बच्चों जैसी बातें करता हूं
बड़ी हमदर्द होती हैं ये यादें
जब कभी तबियत नासाज़ हो जाती है
परदेस में बैठी मां को साथ ले आती हैं
तसल्ली हो जाती है अपनों को करीब पाकर
बड़ी बड़बोली भी होती हैं यादें
बिना बताए बेधड़क चली आईं
और झोले से निकालकर बैठ गईं अपना चिट्ठा
सफ़े पर मेरी ख़ूबसूरत मोहब्बत अंगड़ाई ले रही थी
वैसी ही है जैसे छोड़कर आया था
पाकीज़ा, शर्मीली, सादगी की ज़िंदगी जी रही थी
इंतज़ार की चुनरी का रंग भी नहीं उतरा था
शायद उसके 'अरमान' की मोहब्बत का रंग गहरा था...

Thursday, 24 July 2014

हर पल ने किया जिक्र तेरा...

हर पल ने किया जिक्र तेरा
अब मुझे करार नहीं आता
खामोशी भी शोर मचाती है
क्यों मुझमें तू है समा जाता

आलम तो देखो हिज्र का
खुद से परदा करते हैं
थमी-थमी सी है धड़कन
फिर भी यूं दम भरते हैं

मेरे जैसे जाने कितने
यादों में तेरी खोए हैं
जाने कितने दीवानों के
दिल में कांटे बोए हैं

कुछ तो मिसाल कायम करो
इस दुनिया में हमदर्दी की
और कितने कत्ल करोगे
हद ही कर दी बेदर्दी की

यूं तो तुमने कह डाला
दिल में 'अरमान' कोई नहीं
सुर्ख आंखें सच कह जाती हैं
जिसके लिए तू सोई नहीं...